इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक कई वाहनों के कांच फोड़ दिए। मंगलवार सुबह जब लोग जागे तो घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

थाना चंदन नगर पुलिस के अनुसार राजनगर, रामानंद नगर, नंदन नगर, दामोदर नगर और पंचमूर्ति नगर में देर रात वाहनों को निशाना बनाया गया। करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों के कांच तोड़े जाने की सूचना है। एक पूर्व पार्षद राजेश की कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। एक वाहन के अंदर ईंट भी मिली है।

सूचना के बाद डायल 112 और बीट के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात 8 बजे के बाद क्षेत्र में कुछ संदिग्ध और नशे में धुत लोग सक्रिय हो जाते हैं। इसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है।

रहवासियों के मुताबिक 15 से ज्यादा गाड़ियों के कांच फोड़े गए हैं, जबकि पुलिस के अनुसार चंदन नगर में 2 और अन्य क्षेत्रों में मिलाकर कुल 6 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया है।

प्रभावित वाहन मालिकों में राजेश, अंकित, जितेंद्र और भाऊ नाम के लोग शामिल हैं। अंकित और जितेंद्र टैक्सी व्यवसाय से जुड़े हैं। अन्य प्रभावित लोगों की जानकारी सामने नहीं आई है।

एक स्थानीय निवासी प्रदीप ने बताया कि तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच उनकी गाड़ी का कांच तोड़ा गया। आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों के कांच भी टूटे मिले। सुबह फोन पर सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे। गाड़ी के अंदर सामान सुरक्षित था, केवल शीशा तोड़ा गया था। वाहन के अंदर ईंट के टुकड़े मिले।

फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, हालांकि कुछ संदिग्ध लोगों को आसपास देखे जाने की जानकारी मिली है।

अतिरिक्त डीसीपी राजेश ने बताया कि देर रात करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच अज्ञात लोगों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कांच तोड़े। अब तक 6 शिकायतकर्ता सामने आए हैं।

इधर, एक अन्य थाना क्षेत्र में पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post