इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में तैनात एक आरक्षक पर 10वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और पीछा करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद मंगलवार देर रात पुलिस ने आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

जानकारी के मुताबिक, छत्रीपुरा क्षेत्र की रहने वाली छात्रा मंगलवार को कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान कॉलोनी के पास आरोपी आरक्षक ने उसका रास्ता रोककर हाथ पकड़ लिया और घर छोड़ने की बात कही। छात्रा किसी तरह खुद को बचाकर वहां से निकल गई और कोचिंग चली गई।

पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी कई बार रास्ते में रोककर नाम‑पता पूछ चुका था और लगातार उसका पीछा कर रहा था। आरोपी वर्दी में रहता था, जिस कारण डर की वजह से छात्रा ने पहले किसी से यह बात साझा नहीं की। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई।

घटना की जानकारी मिलते ही कुछ लोग देर रात छत्रीपुरा थाने पहुंचे और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराने के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक से पूछताछ की और छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आरक्षक डायल‑100 में तैनात था। प्रकरण की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post