इंदौर के पटेल ब्रिज के नीचे बुधवार सुबह एक विधायक की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद बस में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद भीड़ ने आग लगाई। आग की लपटों से अफरा-तफरी मच गई, सूचना पर दमकल की गाड़ी पहुंची।

फायर ब्रिगेड के अनुसार, घटना सुबह साढ़े नौ बजे छोटी ग्वालटोली के पास हुई। शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की खबर मिली थी। मौके पर भेजी गई टीम ने आग बुझाई। बस से तेज लपटें उठ रही थीं।

फायर ब्रिगेड के एसआई एस. मालवीय ने बताया कि एक टैंक पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। ड्राइवर मौके पर नहीं मिला, शायद आग लगते ही उतर गया।

तुकोगंज टीआई जे. यादव के मुताबिक, बस ने बाइक को टक्कर मारी, फिर आग लगी। बाइक सवार को गंभीर चोट नहीं, निजी अस्पताल में भर्ती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post