इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। विवाद के दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया। जब महिला की सांसें बंद हो गईं, तो आरोपी उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना 9 जनवरी की है। पुलिस ने रविवार रात मामले में एफआईआर दर्ज की। सूचना मिलने पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाने और मारपीट के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका की पहचान 40 वर्षीय सुमित्रा (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई है। वह एरोड्रम क्षेत्र के एक आवासीय इलाके में रहती थी। आरोपी पति माधव (परिवर्तित नाम) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुमित्रा की मौत 9 जनवरी को हुई थी। अगले दिन आई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान सामने आए, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। आरोपी को थाने बुलाने पर उसने पहले घटना से इनकार किया, लेकिन बाद में बताया कि शादी के बाद लंबे समय से पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं थे। इसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने गुस्से में आकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के समय घर में बच्चे मौजूद नहीं थे।
आरोपी पेशे से मिस्त्री है। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के दिन बेटा काम पर गया हुआ था, जबकि बेटी स्कूल गई थी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों को बताया कि उसका ब्लड प्रेशर कम हो गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment