इंदौर में ज्यादा पैसा कमाने की लालच में ब्राउन शुगर बेच रहे एक युवक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।

क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई वीआईपी रोड क्षेत्र में स्थित एक धार्मिक स्थल के पास की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया और तलाशी लेने पर उसके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

दिहाड़ी पर वाहन चलाने का काम करता है आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास उर्फ सरदार बताया। पुलिस के मुताबिक वह दिहाड़ी पर वाहन चलाने का काम करता है और दसवीं तक पढ़ा हुआ है।

नशे की सप्लाई चेन की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से ब्राउन शुगर को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस यह जांच कर रही है कि उसे नशे की खेप कहां से मिलती थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post