इंदौर के राउ क्षेत्र में रहने वाली एक युवती पर उसकी ही सहेली के भाई ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना रुपए के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। पहले मोबाइल पर कहासुनी हुई, इसके बाद युवक ने युवती को मिलने बुलाया और ताबड़तोड़ 5 से 6 बार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

राउ पुलिस ने पीड़िता दिव्यांशी की शिकायत पर आरोपी अनुराग के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार घटना राउ–पीथमपुर रोड क्षेत्र की है। दिव्यांशी का उसकी सहेली दिशा से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में दिशा का भाई रविवार को मिलने पहुंचा और आते ही झगड़ा शुरू हो गया।

हाथ-पैर और चेहरे पर किए गए वार

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले धक्का-मुक्की की और फिर जेब से चाकू निकालकर युवती के दोनों हाथों, पैरों और गाल पर वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर युवती सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान उसकी बहन और एक परिचित ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल युवती को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई करते हुए रविवार रात आरोपी को हिरासत में ले लिया।

फोन पर हुई बहस के बाद बुलाया मिलने

परिजनों के मुताबिक, पहले दिव्यांशी की बातचीत मोबाइल पर उसकी सहेली से हो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने फोन लेकर बहस शुरू कर दी। बाद में पेट्रोल पंप के पास मिलने बुलाकर उसने हमला कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post