इंदौर पुलिस ने एक कार से 1 करोड़ 18 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह राशि एक प्लायवुड कारोबारी से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम हवाला लेन-देन से संबंधित हो सकती है।

सोमवार देर रात कनाड़िया थाना पुलिस इलाके में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक टाटा नेक्सॉन कार को रोका गया। कार में तीन युवक सवार थे। पुलिस ने जब वाहन की डिक्की खुलवाई तो उसमें रखे एक बड़े बैग से 1 करोड़ 18 लाख रुपए नकद मिले।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शुरुआती पूछताछ में नकदी के संबंध में प्लायवुड व्यवसाय से जुड़े एक कारोबारी से संपर्क किया गया, लेकिन फिलहाल रकम को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। मामले की जानकारी मंगलवार सुबह आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 31 दिसंबर को देखते हुए शहर के आउटर थानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत बिचौली क्षेत्र के पास यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध नकदी बरामद होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

कार सवार तीन युवकों ने पूछताछ में बताया कि यह वाहन और बैग एक प्लायवुड कारोबारी के बताए जा रहे हैं और उन्हें यह राशि एक फार्महाउस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस ने नकदी को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। आयकर विभाग और पुलिस की संयुक्त पड़ताल के बाद आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

इस खबर को ऑडियो में सुनें




Post a Comment

Previous Post Next Post