घर के बड़े-बुजुर्ग हमेशा कहते हैं कि बच्चों पर हर वक्त नजर रखना जरूरी है—वे क्या खा-पी रहे हैं, किससे खेल रहे हैं और कहां हैं। कई बार एक छोटी-सी लापरवाही बड़ा हादसा बन जाती है। ओडिशा में भी ऐसा ही हुआ, जहां परिवार की मामूली चूक एक मासूम की जान ले गई।
कंधमाल जिले के एक गांव में चिप्स के पैकेट में आए छोटे प्लास्टिक खिलौने को गलती से निगल लेने पर 4 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। घटना दरिंगबाड़ी ब्लॉक के ब्राह्मणी थाना क्षेत्र की है। बच्चे का नाम बिगिल (उम्र 4) था और वह अपने पिता रंजीत P. का बेटा था।
परिवार के अनुसार, पिता घर के लिए चिप्स का पैकेट लाए थे। पैकेट खोलते ही चिप्स के साथ एक छोटी प्लास्टिक टॉय गन भी मिली। मंगलवार को जब माता-पिता पास के खेत में काम कर रहे थे, तब बच्चा उसी खिलौने से खेल रहा था। अचानक वह रोने लगा। परिजन दौड़कर पहुंचे और खिलौना निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। तुरंत उसे गांव से लगभग 30 किलोमीटर दूर दरिंगबाड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक ने बताया कि बच्चे के गले में खिलौना फंसने से सांस की नली बंद हो गई, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस ने कहा कि अभी तक इस घटना को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment