उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे को सल्फास का पाउडर खिला दिया और खुद भी खा लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे का घर में रह रही भांजी से शाम को खिलौना और मोम को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर मां ने यह कदम उठा लिया।
रात 11 बजे हुई दर्दनाक वारदात
यह घटना बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर गंगा की है। यहां के निवासी पंकज (परिवर्तित नाम) की पत्नी आरती (परिवर्तित नाम) ने मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने बेटे प्रतीक (परिवर्तित नाम) को कमरे में बुलाकर सल्फास का पाउडर खिला दिया।
बेटे की हालत बिगड़ते देख महिला ने खुद भी जहर खा लिया। उनकी तड़पने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो दोनों बेहोश पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान मां-बेटे दोनों की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
परिजन शव लेकर रात में ही गांव लौट आए। बुधवार सुबह सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बंडा और एसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक तनाव और बच्चे के झगड़े के बाद उत्पन्न मानसिक आक्रोश से जुड़ा प्रतीत होता है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

Post a Comment