एनएचएआई ने टोल की दर शुक्रवार रात 12 बजे से चार फीसदी घटा दी है। अब वाहनों को कम शुल्क देना पड़ेगा। जिले में बरेली-लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर, बरेली-दिल्ली हाईवे पर फतेहगंज पश्चिमी और बरेली-सितारगंज हाईवे लभेड़ा में एनएचएआई के टोल प्लाजा हैं। चौबीस घंटे में यहां से गुजरने वाले 60 हजार से अधिक वाहनों को लाभ मिलेगा। 

तीनों टोल प्लाजा से करीब 75 लाख का शुल्क मिलता है, लेकिन अब इसमें करीब चार फीसदी की कमी के आसार हैं। फरीदपुर टोल प्लाजा से 20 हजार, फतेहगंज से 30 हजार और लभेड़ा से 8-10 हजार वाहन प्रत्येक 24 घंटे में गुजरते हैं। इनमें भारी वाहनों को सबसे अधिक लाभ होगा।

प्राधिकरण की स्थानीय इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर अश्वनी चौहान ने बताया कि आमतौर पर टोल की दरें अप्रैल में घटती-बढ़ती हैं, लेकिन इस बार थोक मूल्य सूचकांक कम होने की वजह से टोल की दरें पहले ही घटाई गईं हैं। अब सौ रुपये की जगह 95 रुयये टोल का भुगतान कटेगा, क्योंकि राउंड फिगर में टोल लिया जाता है। अगर टोल 50 रुपये है तो 48 नहीं होगा, लेकिन अगर 42 है तो 40 हो जाएगा। 

रिंग रोड पर नहीं होगा कोई टोल

बरेली में प्रस्तावित रिंग रोड पर कोई टोल नहीं होगा। ऑपरेशन और मेंटीनेंस की जिम्मेदारी 15 साल के लिए निर्माण करने वाली कंपनी ही संभालेगी। निर्माण 31 अक्तूबर तक शुरू करने की तैयारी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर अश्वनी चौहान ने इसके लिए कार्यदायी संस्था आरपी इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों और विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी से बातचीत की है, ताकि तय समयसीमा में काम शुरू हो सके। 

धंतिया से बड़ा बाइपास तक 30 किलोमीटर लंबा फोर लेन रिंग रोड प्रस्तावित है। अब तक 800 में 370 करोड़ रुपये जमीन के बदले मुआवजे के तौर पर किसानों को मिल चुका है। इस महीने 230 करोड़ और वितरित किए जाने हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post