मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक डॉक्टर पर क्लिनिक में नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोप लगा है। आरोप है कि क्लिनिक में काम करने वाली लड़की को डॉक्टर ने झूठ बोलकर रोका और फिर हवस का शिकार बनाया। बाद में धमकी देकर मुंह चुप करा दिया। लड़की ने परिजनों को पूरी बात बताई तो एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
घटना घासमंडी नौ महला इलाके में स्थित कृष्णा क्लिनिक की है। डॉक्टर ने किसी मरीज के आने की बात कहकर किशोरी को रोक लिया और क्लिनिक खाली होने के बाद दुष्कर्म किया। दहशत में किशोरी ने जॉब छोड़ दिया और वह सहमी सहमी रहने लगी। जब परिजन ने उदासी का कारण पूछा तो किशोरी ने आपबीती बता दी। इसके बाद परिजन सोमवार देर रात को उसे लेकर थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई।
शहर के सिरोल अलापुर स्थित सनवैली के पास रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ग्वालियर थाना क्षेत्र स्थित नौमहला घासमंडी में डॉक्टर रामसिंह की कृष्णा क्लिनिक पर हेल्पर के रूप में काम करती थी। दोपहर डेढ़ बजे मरीजों का उपचार करने के बाद डॉक्टर ने उसे बहाने से रोका कि अभी एक अर्जेंट पेशेंट आने वाला है। जब क्लिनिक में कोई नहीं था तो डॉक्टर रामसिंह ने डराकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर ने धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा और बदनाम कर देगा। पीड़िता ने जॉब छोड़ दी। एक पहचान वाले ने उसे डॉक्टर के क्लिनिक में काम पर रखवाया था। घटना के बाद जब छात्रा ने तत्काल शिकायत नहीं की तो आरोपी ने सोच लिया कि वह बच गया। लेकिन सोमवार देर रात को मामला दर्ज होते ही वह क्लिनिक का बोर्ड उतारकर भाग गया, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही।
सीएसपी हिना खान का कहना है कि एक क्लिनिक पर नाबालिग कर्मचारी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post a Comment