नंदिनी ने कुछ दिन पहले जनसुनवाई में भी आरोप लगाते हुए कहा था कि अरविंद सोशल मीडिया पर उसकी फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर रहा है, और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के सामने एक सिरफिरे युवक ने दिनदहाड़े सड़क के बीचों बीच एक युवती को गोलियों से भून दिया। आरोपी ने युवती को रोका और उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आरोपी ने लड़की को 4-5 गोलियां मारीं, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर भी पिस्टल तान दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक और पीड़िता पति-पत्नी हैं, दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी की थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और सड़क पर मौजूद बदमाश को रोकने की कोशिश की, हालांकि वह किसी के हाथ नहीं आ रहा था। यहां तक कि उसने पुलिस को सामने देख उस पर भी पिस्टल तान दी। जिसके बाद आरोपी पर काबू पाने के लिए पुलिस को टियर गैस (आंसू गैस का गोला) फायर करना पड़ा। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ा और गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि मैं न्यायालय से आ रहा था और तरुण पुष्कर तक पहुंचा था कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इधर आकर देखा तो एक साइको टाइप का युवक वहां खड़ा हुआ था, और उसने एक बच्ची पर एक-एक करके कई गोलियां चला दीं। जिसके बाद लड़की सड़क पर बेसुध होकर पड़ी थी। यहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी, लेकिन कोई भी उसे नियंत्रित नहीं कर पा रहा था। इसलिए पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के आने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।
जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी ने उन पर भी पिस्टल तानते हुए पुलिसकर्मियों को डराने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने बेहद कम बल का प्रयोग करते हुए उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, फिलहाल इसका कारण अभी नहीं पता चल सका है। वारदात के बाद पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि जिस युवती को गोली लगी उसका नाम नंदनी है और गोली चलाने वाले आरोपी का नाम अरविंद परिहार है। अरविंद ने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर से शादी की थी। पिछले मंगलवार (9 सितंबर) को नंदिनी ने अरविंद के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। नंदिनी ने अरविंद पर धोखे से शादी करने का आरोप लगाया था। नंदिनी का कहना था कि अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।
बता दें कि नंदिनी ने कुछ दिन पहले जनसुनवाई में भी आरोप लगाते हुए कहा था कि अरविंद सोशल मीडिया पर उसकी फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर रहा है, और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा है। नंदिनी ने कहा था कि अरविंद ने उससे कहा है कि अगर वह उसके पास वापस नहीं आई तो वह उसे जान से मार देगा। इसके अलावा नंदिनी ने यह भी कहा था कि अरविंद सोशल मीडिया पर किसी भी पुरुष के साथ उसकी फोटो देखकर अश्लील टिप्पणियां करता है। जिसके बाद नंदिनी ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की थी।
Post a Comment