इंदौर के हाई-प्रोफाइल कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है। मामले की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी, सोनम रघुवंशी ने जेल से बाहर आने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। सोनम की ओर से सोहरा उप-मंडल के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष जमानत याचिका दायर की गई है, जिस पर सुनवाई के लिए 17 सितंबर की तारीख मुकर्रर की गई है। अभियोजन पक्ष द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए और समय मांगने के बाद अदालत ने यह फैसला लिया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला कारोबारी राजा रघुवंशी की सनसनीखेज हत्या से जुड़ा है, जिसका आरोप उसकी पत्नी सोनम पर है। पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हनीमून के दौरान ही अपने पति की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने सोनम और उसके प्रेमी सहित कुल पांच लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जेल में हैं। इसके अलावा, सबूत मिटाने के आरोप में तीन अन्य आरोपी प्रॉपर्टी डीलर शिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और सुरक्षा गार्ड बलबीर सिंह जमानत पर बाहर हैं।
जमानत अर्जी में खुद को बताया निर्दोष
अपनी जमानत अर्जी में सोनम रघुवंशी ने दावा किया है कि उसने अपने पति की हत्या नहीं की है और वह पूरी तरह से निर्दोष है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे मीडिया ट्रायल के दबाव में आकर गलत तरीके से आरोपी बनाया है। उसने अदालत से गुहार लगाई है कि खुद को बेगुनाह साबित करने का मौका देने के लिए उसे जमानत पर रिहा किया जाए। वहीं, अभियोजन पक्ष ने सोनम की जमानत का पुरजोर विरोध करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है, जिस पर अदालत ने जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।
Post a Comment