भोपाल की हुजूर विधानसभा में  विशाल तिरंगा यात्रा गुरुवार को निकाली गई। आयोजक संस्था कर्मश्री के अध्यक्ष हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। आयोजकों का दावा है कि यात्रा में  50 हजार बाइक पर सवार 1 लाख देशभक्त शामिल हुए। यात्रा में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों और बाइक पर सवार देशभक्तों ने अपने हाथों में तिरंगा थामा हुआ था। सीएम और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ खुली जीप पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर कई किमी तक यात्रा के साथ चले। यात्रा सुबह 11:30 बजे शुरू हुई और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लगभग 35 किमी का रूट तय कर पं दीनदयाल उपाध्याय कृषि उपज मंडी भैंसाखेड़ी पहुंच कर समाप्त हुई।

यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तक भोपाल में पानी का तालाब ही दिखता था। लेकिन आज यहां मनुष्यों का तालाब नजर आ रहा है। जनसैलाब नजर आ रहा है। ऐसा लग रहा है कि मानो पूरा भोपाल ही इस यात्रा में उमड़ आया हो। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर नागरिक को तिरंगा लगाने का अधिकार दिया है। उनकी अपील पर आज यहां लाखों लोग तिरंगा यात्रा में उमड़े हैं। हमें हर घर पर तिरंगा और हर दिल में तिरंगा होने का संकल्प पूरा करना है। खंडेलवाल ने भी इस तिरंगा यात्रा में उमड़े देशभक्तों को शुभकामनाएं दी।


यात्रा मार्ग में 1100 से अधिक स्थानों पर समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा स्वागत मंच बनाए गए थे। इन स्वागत मंचों से लोगों ने  तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे यात्रा मार्ग पर पुष्प वर्षा कर, देश भक्ति के नारे लगाकर आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा सहित सभी तिरंगा यात्रियों का स्वागत किया गया। यात्रा आरंभ स्थल पर बनाए गए भव्य मंच से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने उपस्थित देशभक्तों के जनसैलाब को संबोधित भी करते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शौर्य स्मारक से विशाल तिरंगा यात्रा की तिरंगा फहरा कर शुरुआत की। भोपाल की दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवान दास सबनानी साथ थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर अमर शहीदों और वीर पराक्रमी सैनिकों का स्मरण किया। शौर्य स्मारक से भारत माता चौक (डिपो चौराहा) तक जाने वाली तिरंगा यात्रा में दो पहिया वाहनों पर बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। भारत माता का रथ, ब्रह्मोस और राफेल मिसाइल के मॉडल भी यात्रा का भाग थे। तिरंगा यात्रा में भोपाल महापौर मालती राय भी शामिल हुईं।

Post a Comment

Previous Post Next Post