इंदौर में तीसरे दिन मंगलवार को फिर तेज आंधी के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मंगलवार को सुबह से उमस का असर था। फिर 11 बजे बादल छाए और दोपहर ढाई बजे कई क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हो गई। एक घंटे तक यह सिलसिला रुक-रुककर चलता रहा। इसके बाद मौसम ठण्डा हो गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आज रात भी तेज हवा और बारिश के आसार जताए हैं। अभी दो-तीन ऐसा मौसम बना रहेगा।

इसके पूर्व ंपिछले दो दिनों से तेज आंधी और बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में खासी गिरावट आई है। इन 48 घंटों में दिन का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस (-6) रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रात का तापमान दो दिन पहले 24.5 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को गिरकर 17.2 डिग्री सेल्सियस (-7) हो गया। सोमवार को यह तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस (-5) रहा।

इसी तरह, मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। खास बात यह है कि तापमान में भारी गिरावट के बावजूद, जोरदार बारिश के बाद उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है।

रविवार दोपहर को ढाई घंटे में करीब 2.75 इंच बारिश हुई थी। इसके बाद सोमवार रात को तेज हवा चली और बारिश हुई। इस दौरान एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इस तरह इस बार 5 मई तक 96 मिमी (करीब 4 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई। यह बीते 10 सालों में सबसे ज्यादा है। इसके पूर्व 2023 के मई माह में 3 इंच बारिश हुई थी। अभी दो-तीन दिन बारिश के आसार हैं। इस लिहाज से इस बार मई में अच्छी बारिश हो सकती है।

इंदौर में रविवार को मई की सबसे ठंडी रात रही। पारा 7.3 डिग्री गिरकर 17.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक 25 साल में मई में इतनी ठंडी रात नहीं पड़ी। दिन का तापमान सोमवार को 35 (-6) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बार 31 मार्च को 35.4 (-1) डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. अरुण शर्मा ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। सोमवार को कई जिलों में आंधी, ओले-बारिश का दौर बना रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। 9 अप्रैल तक आंधी, बारिश का अलर्ट है।

Post a Comment

Previous Post Next Post