इंदौर | हातोद थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 12वीं के छात्र की जान ले ली। तीन छात्र स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। एक छात्र मामूली घायल हुआ है। दूसरा गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।
टीआइ सुरेंद्रसिंह बघेल के मुताबिक, घटना पुवाड़ला जुनार्दा गांव में सुबह करीब नौ बजे की है। पालिया निवासी राज पुत्र श्रवण चौहान साथी लक्की चौहान और निरंजन राठौर के साथ स्कूल जा रहा था। शुक्रवार को स्कूल में वार्षिक उत्सव और फेयरवेल पार्टी का आयोजन रखा गया था। लक्की और राज 12वीं व निरंजन 11वीं के छात्र हैं। बाइक 17 वर्षीय राज चौहान चला रहा था। जैसे ही कंट्रोल की दुकान के आगे निकले पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
शरीर पर चढ़ गया ट्रैक्टर का पहिया
लक्की के मुताबिक, टक्कर के बाद वह दूर जाकर गिरा। निरंजन भी ट्रैक्टर के पास जाकर गिरा, जबकि राज पर ट्रैक्टर का पहिया ही चढ़ गया। लक्की ने देखा राज के शरीर में हलचल ही नहीं हो रही है। उसने ट्रैक्टर के ड्राइवर को आवाज भी लगाई लेकिन वह अनसुना कर आगे चला गया।
Post a Comment