रामनगर (कर्नाटक) | मां की ममता की खबरें आप रोज पढ़ते या सुनते होंगे लेकिन कर्नाटक से एक हैवान मां की करतूत की खबर सामने आ रही है। इस मां ने ममता को शर्मसार किया है। इस मां ने अपने 15 महीने के बेटे को जलाशय में फेंककर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

कर्नाटक के कण्वा जलाशय में अपने 15 महीने के बेटे को फेंककर हत्या करने के आरोप में महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान भाग्यम्मा (21) के रूप में हुई है। भाग्यम्मा अपने पति से अलग हो गई थी और चन्नापटना तालुक के बनगहल्ली में अपनी मां के साथ रह रही थी।

कपड़े धोने के बहाने घर से निकली थी महिला

एक पुलिस अधिकारी ने इस मामले पर कहा, "मंगलवार शाम को वह यह कहकर घर से निकली कि उसे अपने कपड़े धोने जाना है। वह चिल्लाते हुए घर लौटी कि उसका बेटा देवराज डूब गया है।"

हत्या के पीछे अवैध संबंध का संदेह

इसकी जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ के दौरान महिला ने कबूल किया कि उसने बच्चे को जलाशय में फेंक दिया है। अधिकारी ने कहा, "हत्या के पीछे का मकसद तुरंत पता नहीं चला है लेकिन अवैध संबंध का संदेह है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post