इंदौर। इंदौर के रालामंडल के पास गांव तिल्लौर में दो दिन से तेंदुए के मूवमेंट से गांववाले दहशत में हैं। बुधवार रात किसानों ने गांव में सड़क के पास तेंदुआ देखा। तेंदुए अपने मुंह में ताजा शिकार दबाए हुए घूम रहा था।

एक किसान ने उसका VIDEO बनाया है। कुछ अन्य किसानों में भी तेंदुआ देखने का दावा किया है। ग्रामीणों ने रात में बाहर निकलना बंद कर दिया है। तेंदुए का मूवमेंट का मामला बुधवार रात करीब 10 बजे तिल्लौर और रालामंडल के बीच सड़क का है।

तिल्लौर के किसान संजय पाटीदार पहाड़ घाटी क्षेत्र स्थित अपने भतीजे युवराज पाटीदार के खेत के पास घर जा रहे थे। तभी दूर से एक तेंदुआ सड़क के पास आता दिखा। उसके मुंह में मांस का टुकड़ा था। किसान ने बताया कि हम कार में थे तो उसका VIDEO बना लिया। इस बीच तेंदुआ कुछ ही देर में वहां से खेतों की ओर चला गया। उन्होंने गांव वालों को यह बात बताई।

एक अन्य किसान बलराम पाटीदार ने भी बताया कि उन्होंने सोमवार को उसी स्थान पर तेंदुआ देखा था। इस दौरान वे बाइक पर थे और फिर बचकर भाग निकले।

खेती किसानी का वक्त, पर किसान खेतों में जाने भी डर रहे

अब बारिश के दिनों में उसकी सक्रियता से किसान खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। लोगों ने तेंदुए के नजर आने की जानकारी वन विभाग को दी है। डीएफओ नरेंद्र पांडवा ने बताया कि तेंदुए की सक्रियता इस क्षेत्र के जंगलों में रही है। गांव तक तेंदुए के पहुंचने को लेकर वन विभाग नजर रखे हुए हैं। विभाग उसे पकड़ने की कोशिश करेगा। हाल ही में घोतीखेड़ा, पठान पीपल्या के पास तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिली है। वहां टीम रवाना की गई है।

लंबे समय बाद नजर आया तेंदुआ, पहले भी यहां रह चुका है एक्टिव मूवमेंट

रालामंडल और तिल्लौर के आसपास लम्बे समय बाद तेंदुआ नजर आया है। कुछ साल पहले तक यहां तेंदुए की सक्रियता रही है। उस समय तेंदुए ने कई मवेशियों का शिकार किया था। यहां एक बार रात को सड़क पर एक तेंदुए की वाहन की चपेट में आने से मौत भी हो गई थी। अब फिर तेंदुआ दिखने के बाद लोगों में डर है। वैसे आमतौर पर गर्मी के मौसम में पानी व भोजन की तलाश में हमेशा से ही इस क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post