छतरपुर। छतरपुर में दलित दूल्हे की बारात पर पथराव करने का मामला सामने आया है। दलित दूल्हे को घोड़ी पर सवार देख गांव के दबंग नाराज हो गए। ​​​​​उन्होंने ​​दूल्हे की रास पर पथराव कर दिया। रास में 40-50 बाराती थे। घटना बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव में सोमवार शाम की है। पथराव में 3 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसमें 20 आरोपी नामजद हैं। पुलिस कार्रवाई मंगलवार सुबह 4 बजे तक चलती रही।

घटना की जानकारी लगते ही एसपी अमित सांघी और एएसपी सहित 2 थानों का बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद भी पथराव नहीं रुका। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद हालात पर काबू पाया। पुलिस की मौजूदगी में बारात को सागर जिले के शाहगढ़ के लिए रवाना किया गया।

DSP शशांक जैन बोले- बारात को पुलिस ने दी सुरक्षा

बड़ा मलहरा DSP शशांक जैन ने बताया कि बकस्वाहा थाना क्षेत्र के चौरई गांव से रितेश अहिरवार की बारात सागर जिले के शाहगढ़ जा रही थी। इससे पहले गांव में घोड़ी पर बैठकर दूल्हे की रास फैराई (घुमाई) जानी थी। जिस पर गांव के एक समुदाय के लोगों ने विरोध किया। यह विरोध बलवा में बदल गया। मामले की जानकारी लगने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली।

पुलिस सुरक्षा में रास फिराई गई, तब कहीं जाकर देर शाम बारात शाहगढ़ के लिए रवाना हुई, जो आज लौटेगी। बारात को पुलिस की सुरक्षा दी गई। शादी के बाद भी अन्य कार्यक्रम पुलिस सुरक्षा में किए जाएंगे। दूल्हा दिल्ली में काम करता है।

पुलिस ने नहीं बताए आरोपियों के नाम

आरोपियों पर रास्ता रोकने, बलवा का प्रयास, बलवा, पथराव, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट, धमकी देने समेत SC-ST एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से अभी आरोपियों के नाम नहीं बताए हैं। पुलिस ने खुद एफआईआर दर्ज की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post