भोपाल। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार सुबह मध्यप्रदेश समेत पांच राज्यों के 17 ठिकानों पर छापे मारे हैं। प्रतिबंधित संगठन पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कनेक्शन की जांच करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। NIA को PFI के कुछ सदस्यों की तलाश है। यह छापेमारी उत्तरप्रदेश और बिहार समेत अन्य राज्यों में भी की गई है।
अधिकृत सूत्रों
के अनुसार मामला बिहार के फुलवारी शरीफ में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। बिहार में पीएफआई
इतना एक्टिव क्यों है और उसे रसद कहां से मिल रही है, इसकी जांच की जा रही है। इस वजह
से जिन स्थानों पर छापे मारे गए हैं, उनमें सबसे अधिक 12 स्थान बिहार के हैं। इसके
अलावा उत्तरप्रदेश में दो, पंजाब और गोवा में एक-एक शहर में भी छापा मारा गया है।
खंडवा एसपी ने कहा- हमारे पास कोई इनपुट नहीं
खबरें आ रही थी कि मध्यप्रदेश के खंडवा में भी छापेमारी की गई है। हालांकि, खंडवा एसपी सत्येंद्र शुक्ला ने साफ किया कि सामान्य तौर पर जब इस तरह की कार्रवाई होती है तो लोकल पुलिस से संपर्क किया जाता है। अब तक हमारे पास कोई इनपुट नहीं है। हमसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। अधिकृत तौर पर हम कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।

Post a Comment