दमोह। दमोह जिले में देहात थाना के देवरान गांव में 25 अक्टूबर की सुबह हुए तीहरे हत्याकांड के सभी सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सातवें नाबालिग आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार की रात गिरफ्तार किया।

मामले में गोलीकांड का मुख्य आरोपी जगदीश पटेल, सौरव पटेल, घनश्याम पटेल, मनीष पटेल, कोदू पटेल, वंदना पटेल और जगदीश पटेल के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब कोई भी आरोपी इस मामले में फरार नहीं है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में अस्थाई रूप से पुलिस चौकी बनाई गई है। वहां पर अभी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके बारे में एसपी वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेंगे।

देवरान में तीहरे हत्याकांड में महिला की छेड़छाड़ को लेकर यह पूरा विवाद हुआ था, जिसमें जगदीश पटेल मुख्य आरोपी है। उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से परिवार के लोगों के साथ मिलकर घमंडी अहिरवार उसकी पत्नी राज प्यारी और बेटे मानक अहिरवार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं दो बेटे महेश अहिरवार और बल्लू अहिरवार इस गोलीकांड में घायल हुए थे, जो आज भी जिला अस्पताल में इलाजरत हैं। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में यह मामला गरमाया था। प्रदेश के कई जिलों में दलित समाज ने ज्ञापन देकर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं शुक्रवार को आरोपियों की ओर से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने गिरवा दिया।

लगातार इस मामले पर सरकार नजर बनाए हुए है। पूरे परिवार को हर संभव मदद दिलाई जा रही है। प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी आठ लाख की सहायता पीड़ित परिवार को दिला दी है। परिवार का पूरा खर्चा उठाने की बात उन्होंने कही है। इसके अलावा अन्य नेता भी हरसंभव मदद का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ गांव में डटा हुआ है, ताकि अब कोई भी घटना घटित न हो पाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post