इंदौर। इंदौर में एक डेढ़ साल का बच्चा 15 फीट ऊंची बालकनी से गिर गया। सोमवार देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह 3 साल के बड़े भाई के साथ खेल रहा था। बच्चा पहली मंजिल की बालकनी से झांकने लगा, तभी गिर गया। सड़क पर खेल रही पड़ोस में रहने वाली बच्ची ने उसे उठाया। उसने ही बच्चे की मां को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

​​​​​शिवधाम कॉलोनी में रहने वाले शोभा सूर्यवंशी ने बताया कि डेढ़ साल का बेटा शशांक अपने 3 साल के भाई लक्ष्य के साथ बाहर के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान गिर गया। बच्चे ने अस्पताल में 18 घंटे से भी ज्यादा संघर्ष किया, लेकिन मौत से हार गया।

बालकनी में जा पहुंचा बच्चा

कनाड़िया पुलिस के मुताबिक बच्चों की मां किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान शशांक खेलते हुए बालकनी की तरफ चला गया। यहां नीचे झांकने लगा और गिर गया। पड़ोसी किराना दुकान संचालक की 15 साल की बेटी सड़क पर खेल रही थी। उसने शशांक को उठाया। तब वह बेसुध था और उसके सिर से खून बह रहा था। उसने शशांक की मां को आवाज लगाई।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत

मौसी कंचन के मुताबिक शशांक का सीटी स्कैन और बाकी सभी रिपोर्ट नॉर्मल आई थी। रात में उसे अचानक उल्टियां होने लगीं। बाद में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद उसे होश ही नहीं आया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन के ओवरडोज के चलते बच्चे की मौत हुई है। उसके होंठ पर पांच टांके आए थे।

पुलिस के मुताबिक बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इधर, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अभी नहीं मिल सका है। सूर्यवंशी परिवार मूल रूप से सागर का रहने वाला है। चार माह पहले ही वह इंदौर में काम के सिलसिले में आए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post