मुरैना। बानमौर थाना इलाके के बुद्धिपुरा गांव में एक घर में सो रहे पति-पत्नी की हत्या हो गई। बानमौर थाना पुलिस जांच कर रही है। इधर गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-3 पर जाम लगा दिया। 

जानकारी के अनुसार बानमोर थाना क्षेत्र के बुद्धिपुरा गांव में दंपति की हत्या कर दी गई। रात को सोए पति-पत्नी के सुबह खून से सने शव मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पड़ताल की है। घर में चोरी-लूटपाट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। इस आधार पर हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है, हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद है। पुलिस के अनुसार पति-पत्नी की हत्या किस कारण और किन लोगों ने की है? इसका पता नहीं चल सका है। जमीन विवाद की आशंका है, पुलिस ने बड़े बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया है।
रात में खाना खाकर सोए राठौर दंपति की हत्या कर दी गई।
सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि दो लोगों की हत्या की जानकारी मिली थी। सियाराम राठौर और उनकी पत्नी उषा के शव संदिग्ध हालत में मिले हैं। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
मृतक दंपति के छोटे बेटे रणवीर राठौर ने बताया कि वे रात को एक शादी समारोह से लौट और अपने कमरे में सो गए। माता-पिता भी 8 बजे खाना खाकर सोने चले गए थे। सुबह जब मेरे बच्चे दादा-दादी के कमरे में गए तो वहां मेरे माता पिता की खून से लथपथ लाशें पड़ी हुई थीं। किसने और क्यों हत्या की, कुछ नहीं पता। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-3 पर जाम लगा दिया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुल गया। पुलिस ने मृतकों के छोटे बेटे व ग्रामीणों के बयानों के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post