जवानों पर पथराव कर भागे डकैत, रायफल भी छिनी
घायल जवान अस्पताल में भर्ती
इंदौर। बड़गोंदा क्षेत्र की एक कॉलोनी में वारदात करने पहुंचे डकैतों ने सिक्युरिटी गार्ड को पीटा। पुलिस ने पहुंची तो पुलिस जवानों पर भी पथराव कर दिया। एक जवान घायल हुआ है। जवान से रायफल छीनकर भी ले गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात बड़गोंदा क्षेत्र में घटना हुई। बताया जा रहा है कि कुछ डकैत वारदात की नीयत से कर्नल एकेडमी के पास सिग्नल विहार में घुसे। कॉलोनी के सिक्युरिटी गार्ड से उनका सामना हुआ तो गार्ड की बंदूक छीन ले गए। इसके बाद गवली पलासिया के करीब एसएएफ के जवानों पर पथराव कर दिया और पिटाई भी की। जवान की रायफल नीचे गिर गई तो उसे उठाकर ले गए। पुलिस के अनुसार देर रात दो बजे वायरलैस पर सूचना मिली थी कि सिग्नल विहार कॉलोनी में चोर घुस आए हैं। सिक्युरिटी गार्ड ने रोका तो उससे मारपीट की। इसके बाद उसकी बंदूक छीनकर भाग गए। इस घटना के बाद गश्ती दल को अलर्ट किया।
बदमाशों ने किया पथराव
गवली पलासिया के पास एसएएफ के जवान ड्यूटी कर रहे थे। यहां उन्होंने दो बदमाशों को देखा। जवान कुछ कर पाते इसके पहले ही बदमाशों ने पथराव कर दिया और पिटाई भी की। इस दौरान जवान की रायफल नीचे गिर गई तो बदमाश उसे छीनकर ले गए। दोनों जवान घायल हुए। एक को ज्यादा चोट आई, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना के बाद गुरुवार सुबह ग्रामीण एसपी भगत सिंह विरदे, एएसपी पुनीत गेहलोद और महू, मानपुर, सिमरोल थाने का बल पहुंचा। जंगल में डकैतों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। पुलिस सिक्योरिटी गार्ड से भी पूछताछ कर रही है। गार्ड ने बताया कि डकैतों ने मुंह पर गमछा बांध रखा था।
Post a Comment