भोपाल । राजधानी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक बजे बदमाश ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर नगर निगम के कर्मचारी के घर पहुंचकर हमला कर दिया। कमला नगर थाने के एएसआइ गया प्रसाद के अनुसार नेहरू नगर निवासी 26 वर्षीय भूमि घारू गृहणी हैं। उनके पति सन्नी घारू नगर निगम में नौकरी करते हैं। उनके घर में चौदह दिन पहले शादी थी। उस समय कमला नगर निवासी विनय बोयत ने उनके घर के बाहर हंगामा किया था, जिस पर घारू परिवार ने उसे ऐसा करने से रोकते हुए वहां से भगा दिया था। उस समय तो विनय चुपचाप चला आया था। बीती रात वह अपने साथियों के साथ घारू के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। घारू दंपती ने उसे ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। उसके साथी भी हथियारों से लैस थे। थोड़ी ही देर में दोनों तरफ से लोग आ गए। इसी दौरान किसी ने सन्नी के पेट में तलवार मार दी। बीच-बचाव करने आई प्रियंका नामक एक युवती के पेट में भी तलवार लगी है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
Post a Comment