यूरोपीय देश चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में मंगलवार सुबह दो यात्री ट्रेनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 7 बजे प्राग के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास प्राग-3 इलाके में सीफर्टोवा स्ट्रीट के ऊपर बने रेलवे पुल पर हुआ। टक्कर के समय दोनों ट्रेनें अपेक्षाकृत कम गति से चल रही थीं। इस दुर्घटना में कुल 46 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में दोनों ट्रेनों के लोको पायलट भी शामिल हैं। 12 लोगों को मामूली से अधिक चोटें आईं, जबकि करीब 30 अन्य लोगों को हल्की चोटें लगीं या एहतियातन जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद पुलिस, दमकल और मेडिकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दोनों ट्रेनों में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घायलों को प्राग के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
चेक गणराज्य के परिवहन मंत्री इवान बेडनारिक ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि संभवतः एक ट्रेन ने लाल सिग्नल पार किया था। हालांकि, उन्होंने तकनीकी खराबी या मानवीय चूक की पुष्टि नहीं की है। रेलवे सुरक्षा विभाग और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
हादसे के कारण प्राग के मुख्य रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों के मार्ग बदले गए और कुछ सेवाओं को दूसरे स्टेशनों से संचालित किया गया। सुबह करीब 9:20 बजे स्टेशन के चार प्लेटफॉर्म पर परिचालन आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना से 16 मिलियन चेक कोरुना से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। रेलवे कंपनी ने दोनों ट्रेनों के यात्रियों को चोट और संपत्ति के नुकसान के लिए मुआवजा देने की घोषणा की है।

Post a Comment