मथुरा के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के ‘गुरु कृपा कुंज’ आश्रम में रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में है। घटना से जुड़ा एक नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके बाद मौत से पहले की घटनाओं को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो में दीपक कथित तौर पर खुद को गंभीर रूप से घायल करने के बाद सीढ़ियों से ऊपर जाते दिखाई दे रहा है। दावा है कि इसके कुछ देर बाद उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, इन दावों की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नए फुटेज को पुलिस जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें दीपक खुद को नुकसान पहुंचाने के बाद सीढ़ियों की ओर बढ़ता नजर आता है। इसके बाद वह ऊपर जाता दिखाई देता है। इस घटनाक्रम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी, जिसके चलते दीपक ने इतना गंभीर कदम उठाया। इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना के करीब 9 दिन बाद ‘राधा केलि कुंज ट्रस्ट’ की ओर से सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक अपील जारी की गई। ट्रस्ट ने कहा कि घटना से महाराज जी और पूरा आश्रम परिवार बेहद दुखी है।
ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही। साथ ही श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की गई कि बिना आधिकारिक पुष्टि के किसी तरह की अफवाह न फैलाएं और आश्रम या महाराज जी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला प्रचार न करें।
मामले में स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि अब तक मामले में उचित धाराओं के तहत केस दर्ज क्यों नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आश्रम प्रबंधन की ओर से शुरुआत में ही स्थिति स्पष्ट की जाती, तो विवाद इस स्तर तक नहीं पहुंचता।
नए CCTV फुटेज के सामने आने के बाद मौत से पहले आश्रम में हुई गतिविधियों को लेकर जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। दीपक ने ऐसा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे कोई दबाव या अन्य वजह थी या नहीं, इन सवालों का जवाब पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment