आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार सुबह एक सरकारी स्कूल के अंदर चेनसॉ से हमला करने का मामला सामने आया है। राप्ताडू गांव के जिला परिषद हाईस्कूल में 21 वर्षीय युवक हेमंत उर्फ डुम्मू चेनसॉ लेकर कक्षा 10 के कमरे में घुस गया और दो छात्राओं पर हमला कर दिया। घटना के समय कक्षा में पढ़ाई चल रही थी और एक शिक्षक भी मौजूद थे।

हमले में दोनों छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अनंतपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उसकी सर्जरी की जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उसे एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु के अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी है।

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी श्री सत्य साईं जिले के धर्मावरम क्षेत्र के नागलूर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार है। हमला करने के बाद वह स्कूल से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे बाद में धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद स्कूल के विद्यार्थियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख और नाराजगी जताते हुए घायल छात्रा को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस को आरोपी के खिलाफ जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।

वहीं, शिक्षा मंत्री ने भी घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर छात्रा के साथ हुई इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post