इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे रीवा से इंदौर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना शिप्रा थाने के सामने हुई। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, चलती बस का एक टायर अचानक फट गया। इसके बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टायर फटने के बाद हुए घर्षण के कारण बस के अगले हिस्से में आग भड़क गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर जल्द ही काबू पा लिया। इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर सुरक्षित इंदौर के लिए रवाना किया गया। आग लगने से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टायर फटने के बाद उत्पन्न घर्षण को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।

Post a Comment