इंदौर: चंदन नगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में सीहोर निवासी एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम बुधवार को सीहोर पहुंची और वहां चल रहे विवाह समारोह से आरोपी को हिरासत में लेकर इंदौर ले आई। युवती की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चंदन नगर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने शिकायत में बताया कि उसकी पहचान सीहोर निवासी एक युवक से हुई थी, जो अपनी बहन के घर आने-जाने के दौरान उसके संपर्क में आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर करीब एक वर्ष तक कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में विवाह करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि वह दो दिनों से शिकायत लेकर थाने के चक्कर लगा रही थी। शिकायत मिलने के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपी को फोन कर थाने बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया।
इसके बाद चंदन नगर पुलिस की टीम बुधवार को सीहोर पहुंची। उस समय आरोपी का विवाह समारोह चल रहा था। पुलिस ने उसे शादी की रस्में पूरी होने से पहले ही मंडप से हिरासत में लिया और इंदौर लेकर आई। इसके बाद युवती की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन आरोपी के थाने नहीं पहुंचने पर कानूनी कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment