इंदौर क्राइम ब्रांच ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था, लेकिन शुक्रवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2024 को भंडारी ब्रिज के पास एमआर-4 रोड पर कार्रवाई के दौरान शादाब नामक व्यक्ति को 105.16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया था। मामले की जांच में एक अन्य आरोपी इमरान का नाम सामने आया था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरार आरोपी पटेल प्रतिमा चौराहे के आसपास मौजूद है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तीन और मारपीट का एक मामला दर्ज है।

Post a Comment