इंदौर जंक्शन के पुनर्विकास और नई आधुनिक स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट के तहत आने वाले समय में ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई भवन संरचना लगभग तैयार हो चुकी है। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इंदौर यार्ड क्षेत्र में नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य चल रहा है, जिसके लिए मेजर ब्लॉक लिया गया है। इसी कारण कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द भी किया गया था। इस दौरान ट्रैक सर्किट, सिग्नलिंग सिस्टम और कंप्यूटर आधारित ऑपरेशन कंट्रोल सिस्टम को नए स्टेशन परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है।
पूरे शिफ्टिंग कार्य की निगरानी रेलवे के जोनल और मंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। रेलवे का कहना है कि सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए यह प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से शुरू किया जाएगा। इसके बाद इंदौर जंक्शन पर विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त नए स्टेशन के निर्माण कार्य को गति मिलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन और प्रस्थान स्टेशन की जानकारी अवश्य जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Post a Comment