इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार तड़के की बताई जा रही है। पति ने पत्नी को कमरे में फंदे पर लटका देखा तो तुरंत उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान दीक्षा उम्र (25) पत्नी विपिन टी. निवासी अमर टेकरी के रूप में हुई है। पति विपिन ने पुलिस को बताया कि रविवार को दीक्षा की तबीयत खराब थी। उन्होंने उसे डॉक्टर के पास चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद पास में क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर को घर बुलाकर ड्रिप चढ़ाने की बात हुई।
पति के अनुसार उनके बेटे ने भी फोन कर बताया था कि मां इलाज करवाने के लिए तैयार नहीं हो रही है। रात में दीक्षा मोबाइल चलाती रही, जबकि पति और बच्चे सो गए थे। सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब विपिन की नींद खुली तो दीक्षा बिस्तर पर नहीं थी। तलाश करने पर वह दूसरे कमरे में फंदे पर फांसी के फंदे से लटकी मिली।
घटना के बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। विपिन ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। उनकी शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं और परिवार में दो बेटे हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Post a Comment