इजरायल ने 7 अक्टूबर 2023 को अपने ऊपर हुए हमले का जवाब देते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायली सेना ने हमास के एक शीर्ष सैन्य इंटेलिजेंस अधिकारी को मार गिराया है। इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने बुधवार को बताया कि इयाद अहमद अब्द अल-रहमान * हमास की मिलिट्री इंटेलिजेंस ऑपरेशंस का प्रमुख था और एक हमले में वह मारा गया।

बताया जा रहा है कि यह वही व्यक्ति था जिसे 7 अक्टूबर के हमले का प्रमुख साजिशकर्ता माना जाता था। इससे पहले फिलिस्तीनी सूत्रों ने भी उसकी मौत की पुष्टि की थी। सूत्रों के अनुसार गाजा पट्टी पर हुए हमलों में पांच लोगों की मौत हुई, जिनमें एक कमांडर और एक नौ साल का बच्चा भी शामिल था। खबर यह भी है कि उक्त अधिकारी के साथ उसका बेटा भी मारा गया।

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजरायल पर बड़ा हमला किया था। इस हमले में इजरायल के कई शहरों को निशाना बनाया गया, जिसमें करीब 1200 लोगों की मौत हुई और 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद इजरायल ने गाजा पट्टी में व्यापक सैन्य कार्रवाई शुरू की, जो लंबे समय तक चली और इसमें हजारों लोग मारे गए तथा लाखों लोग बेघर हो गए।

बीते वर्ष अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में हुए युद्धविराम समझौते के बाद कुछ समय के लिए संघर्ष रुका था। इस दौरान हमले रोकने और बंधकों की रिहाई पर सहमति बनी थी, लेकिन इसके बाद भी हिंसा जारी रही। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संघर्षविराम के बाद से सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post