इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में एक युवक ने रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता तब चला जब उसकी बेटी ने उसे फंदे पर लटका देखा।

लसूडिया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कृष्णा उम्र (36) पुत्र बलिराम, निवासी बापू गांधी नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, मृतक की पत्नी रीना की दोस्ती खरगोन के एक युवक रविंद्र से थी। इस बात को लेकर दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि रविंद्र द्वारा कृष्णा के मोबाइल पर फोटो और मैसेज भेजे जाते थे, जिससे घर में तनाव बना रहता था। 16 अप्रैल को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसमें पत्नी ने मोबाइल से फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए।

परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले खरगोन में विवाद के दौरान कृष्णा के साथ मारपीट की गई थी और उस पर मामला भी दर्ज कराया गया था।

कृष्णा और रीना की शादी को करीब 15 साल हो चुके थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है। कृष्णा पेंटिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post