उज्जैन में कीटनाशक से बनी गैस की वजह से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसा इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स इलाके में लालचंद प्र. के घर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, लालचंद प्र. की एक बेटी पूजा की शादी शाजापुर में और दूसरी बेटी रीना की शादी कायथा में हुई है। गर्मियों की छुट्टियां बिताने दोनों बहनें अपने बच्चों के साथ मायके उज्जैन आई थीं।
सोमवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए थे। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डेढ़ माह की त्रिशा के मुंह से झाग निकलता देख परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह 4 साल की अनिका उर्फ अन्नू ने भी दम तोड़ दिया।
वहीं, जेनिशा की हालत नाजुक होने के कारण उसे इंदौर रेफर किया गया है। रेहान और येशु का इलाज उज्जैन के अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी जांच में जुटी है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि जिस कमरे में सभी लोग सो रहे थे, वहां करीब चार क्विंटल गेहूं रखा था, जिसमें कीटनाशक दवा डाली गई थी। इसकी गैस रातभर कमरे में फैलती रही।
डॉक्टर के अनुसार, गेहूं में डालने वाली सल्फास दवा से जहरीली गैस बनती है। यदि कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन (खिड़कियां आदि) नहीं हो, तो इससे दम घुट सकता है। बच्चों की कम उम्र के कारण इसका असर अधिक घातक हो सकता है।
हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Post a Comment