इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में रंगपंचमी के दिन एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना स्थानीय कॉलोनी क्षेत्र की है, जहां रविवार दोपहर करीब 3 बजे छाया उम्र (35) पत्नी चींटू को बाथरूम में पानी गर्म करते समय इलेक्ट्रिक हीटर लगाते हुए करंट लग गया। परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार छाया रंगपंचमी पर परिवार और आसपास के लोगों के साथ रंग-गुलाल खेल रही थीं। इसके बाद वह नहाने के लिए बाथरूम में पानी गर्म करने के लिए इलेक्ट्रिक हीटर लगा रही थीं। इसी दौरान उन्हें तेज करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।
छाया की आवाज सुनकर बच्चे बाथरूम की ओर पहुंचे। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला के परिवार में उनके दो बच्चे हैं। उनके पति इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते हैं। चंदन नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment