इंदौर के उमरीखेड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां आमने-सामने से आ रही दो कारों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मुंबई से आए दंपती सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है।
तेजाजी नगर थाना पुलिस के अनुसार, एक कार उज्जैन की ओर से ओंकारेश्वर जा रही थी, जबकि दूसरी कार सनावद से इंदौर की ओर आ रही थी। इसी दौरान उज्जैन से आ रही कार के चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन सामने से आ रही कार से टकरा गया।
हादसे में मुंबई निवासी एक दंपती, उज्जैन का एक युवक, सनावद क्षेत्र के चार लोग और इंदौर के एक युवक घायल हुए हैं। वहीं सनावद निवासी लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सनावद से इंदौर आ रही कार में एक मरीज सवार था, जिसे इलाज के लिए इंदौर लाया जा रहा था। हादसे में वही मरीज गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। कार में मौजूद अन्य दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं दूसरी कार में सवार मुंबई से आए दंपती उज्जैन और ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि वे टैक्सी से यात्रा कर रहे थे और रविवार को उज्जैन में रुकने के बाद सोमवार सुबह ओंकारेश्वर के लिए निकले थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment