रायपुर कोरबा जिले में एक युवक ने अय्याशी की आदतों को पूरा करने के लिए बाइक चोरी का गिरोह तैयार कर लिया था। चोरी की मोटरसाइकिलें बेचकर वह महंगे कपड़े पहनता था और खुद को अमीर बताकर लड़कियों को प्रभावित करता था। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड जयसिंह उम्र  (27) को गिरफ्तार किया है। उसके ठिकाने से 14 बाइक बरामद हुई हैं और गिरोह के 5 अन्य सदस्यों को भी पकड़ा गया है।

10 साल से परिवार से गायब था आरोपी

आरोपी जयसिंह कोहड़िया क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले लगभग 10 वर्षों से अपने परिवार से संपर्क में नहीं था। परिवार के लोग उसे मृत मान चुके थे। वह खदान क्षेत्र के पास जंगल में पेड़ों के बीच अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की तो इस पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।

दो साथियों के साथ मिलकर बनाया था नेटवर्क

जांच में आरोपी ने बताया कि उसने दो साथियों के साथ मिलकर यह नेटवर्क बनाया था। यह लोग अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करते थे। इन पर एसईसीएल दीपका खदान क्षेत्र से एक रोलर चोरी करने व कुसमुंडा, दीपका और सर्वमंगला चौकी क्षेत्रों से कई बाइक चोरी करने का आरोप है।

वारदात से पहले की जाती थी रेकी

गिरोह के सदस्य चोरी से पहले इलाके की रेकी करते थे। वारदात के बाद बाइक को अलग-अलग व्यक्तियों को कम दाम में बेच दिया जाता था। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य साथियों और तीन खरीदारों को भी गिरफ्तार किया है। कुल 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और 14 चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं।

पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

स्थानीय थाने के अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। यह पूरा मामला उस वक्त खुला जब दीपका खदान से रोलर चोरी की शिकायत पर जांच शुरू हुई। जांच टीम को जंगल के पास झोपड़ी में रह रहे युवक पर शक हुआ और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरा रैकेट उजागर किया।


Post a Comment

Previous Post Next Post