![]() |
उत्तर प्रदेश में आगरा के एत्मादपुर इलाके में मंगलवार सुबह नेशनल हाइवे 19 पर मिनी लोडर गाड़ी से टकराने के बाद कंटेनर बीच सड़क आग के गोले में तब्दील हो गया। आग लगते ही अफरातफरी मच गयी। किसी बड़ी अनहोनी की आशंका में दोनों तरफ वाहन रुक गए। इससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घटना सुबह छह बजे हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की गाड़ियां ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के लोग भी दहशत में आ गये लेकिन गनीमत ये रही कि वक्त पर दमकल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया तब जा कर लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक नई कारों को लेकर कंटेनर गुरूग्राम से झारखंड के धनबाद के लिये रवाना हुआ था। आगरा में नेशनल हाइवे से गुजर रहा था। तभी एक मिनी लोडर सीधे कंटेनर के ईंधन टैंक से टकरा गया। ईंधन टैंक में टकराने की वजह से कंटेनर में आग लग गई। देखते देखते ही पूरा कंटेनर आग का गोला बन गया। कंटेनर के चालक और खल्लासी ने खुद को बचाया और पुलिस को सूचना दी।
दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और किसी तरह से आग पर काबू पाया । इस हादसे में कंटेनर में भरी दो नयी कारों को काफी नुकसान हुआ है। कंटेनर चालक ने गुरूग्राम कंपनी में सूचना दे दी है और जब कंपनी के कर्मचारी आयेंगे उसके बाद हुये नुकसान की जानकारी पुलिस में देंगे।
आगरा-दिल्ली हाइवे पर हाल के महीनों में हुई कई दुर्घटनाओं की कड़ी में एक और घटना है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और सुबह के समय नींद जैसी स्थितियां ऐसी दुर्घटनाओं को बढ़ावा देती हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि हाइवे पर स्पीड ब्रेकर, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए। ट्रैफिक पुलिस ने जाम को हटाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया, लेकिन सामान्य आवागमन बहाल होने में दो घंटे से अधिक समय लगा।

Post a Comment