इंदौर। इंदौर में पान-मसाला कारोबारी की गाड़ी की डिक्की तोड़ बदमाश ढाई लाख रुपए चुरा ले गए। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल बदमाशों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।

जूनी इंदौर पुलिस को फरियादी जगदीश अदानी उम्र 62 साल निवासी सुदामा नगर ने बताया कि घटना 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। उनकी सियागंज में पान-मसाले की दुकान है। वो एक्टिवा से दुकान से घर लौट रहे थे। गाड़ी की डिक्की में दुकान का कैश कलेक्शन का बैग रखा था, जिसमें 2 लाख 50 हजार रुपए थे। रास्ते में वे प्रेमप्रकाश आश्रम करबला के सामने रुके।

आश्रम में वे घर जाते समय अक्सर रुकते हैं। कुछ देर में वापस आश्रम से घर लौट गए। अगले दिन 10 अगस्त की सुबह उन्होंने गाड़ी की डिक्की देखी तो वो टूटी हुई थी और ढाई लाख रुपए का बैग गायब था। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने मौके के सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। आश्रम के कैमरे में पुलिस को दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। दोनों बाइक सवार फरियादी का पीछा करते हुए आए थे। एक बदमाश बाइक से उतरा और फरियादी की डिक्की तोड़ उसमें से रुपए से भरा बैग निकाला और दोनों फरार हो गए। दूरी अधिक होने से फुटेज क्लियर नहीं है। जिसके कारण बदमाशों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

प्रारंभिक जांच में रैकी कर घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। बदमाश ये जानते थे कि कारोबारी एक-दो दिन में दुकान का कलेक्शन साथ ले जाते थे। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post