इंदौर। इंदौर के कनाड़िया इलाके में निजी कंपनी की साइट पर करंट लगने से 18 साल के लड़के की मौत हो गई। वह साइट पर मजदूरी करता था। कुछ माह पहले ही यहां रहने आया था। उसके पिता अपनी बहन को लेने उज्जैन रोड पर गए थे। बताया जाता है कि वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। गुरुवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी।

कनाड़िया पुलिस के मुताबिक मृतक अंकेश पुत्र उधमसिंह निवासी स्वस्तिक नगर की करंट लगने से मौत हो गई। मामा संतोष ने बताया कि अंकेश प्रजापति टेंट हाउस के पीछे एचएचडब्लयू ग्रीन टाउनशिप में काम करने गया था। यहां स्वस्तिक कंपनी का काम चल रहा है।

बुधवार सुबह करीब 11 बजे उसे करंट लगा। उसे उपचार के लिये नजदीक के शकुंतला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसकी सांसे चल रही थी। इधर डॉक्टरों ने उसे एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया। दोपहर में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने अंकेश को मृत घोषित कर दिया।

अपनी बहन को लेने गए थे पिता

मामा संतोष ने बताया कि बुधवार को उनकी छुट्‌टी थी। तो वह जीजा ऊधमसिंह के साथ उज्जैन रोड पर श्रीकृष्ण कॉलोनी पहुंचे। यहां उन्हें कॉल आया कि बेटे को करंट लग गया है। इसके बाद वह तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचे। यहां अंकेश को वेंटिलेटर पर रखा हुआ था।

बहनें राखी के लिए इंतजार कर रही थीं

परिवार के लोगों के मुताबिक अंकेश तीन बहनों में सबसे छोटा है। उसकी बड़ी बहन अनुराधा की पठारिया में शादी हुई है। वहीं दो बहनें मंजू और मनीषा घर पर ही थी। बड़ी बहन भी गांव से यहां आई थी। रात को मुहूर्त में राखी बांधने की बात हुई थी। उसके पहले ही भाई की मौत की खबर आ गई। परिवार के मुताबिक अंकेश का परिवार अशोक नगर के मुंगावली का रहने वाला है। दो साल पहले काम के सिलसिले में पूरा परिवार इंदौर आकर रहने लगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post