ढाका। बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को इकलौते टेस्ट मैच में 546 रनों से हराया। ये बांग्लादेश की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत है, जबकि इंटरनेशनल टेस्ट इतिहास में किसी भी टीम की रनों के लिहाज से तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड ने 1928 में ऑस्ट्रेलिया को 675 रनों से हराया था, जबकि 1934 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 562 रनों से हराया था।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरी पारी में मिले 662 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 115 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने चौथे दिन आखिरी 5 विकेट 35 रन के अंदर गंवा दिए। बांग्लादेश की ओर से नजमुल हुसैन शांतो ने दोनों पारियों में शतक लगाए। इसके अलावा बांग्लादेश की ओर से शोरीफुल इस्लाम और एबोदत हुसैन ने दोनों पारियों में 5-5 विकेट लिए।

इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 382 रन और दूसरी पारी में 4 विकेट पर 425 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दी। वहीं अफगानिस्तान ने पहली पारी में 146 और दूसरी पारी में 115 रन बनाए।

अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए

अफगानिस्तान ने चौथे दिन दूसरी पारी में 30 रन के अंदर 3 और 35 रन के अंदर 5 विकेट गंवा दिए। चौथे दिन 45/2 से आगे खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने तीसरा विकेट जल्द ही गंवा दिया। अफगानिस्तान के 48 रन के स्कोर पर नासीर जमाल आउट हो गए। उनका विकेट एबादोत हुसैन ने विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच कराकर लिया।

अफगानिस्तान की दूसरी पारी में नासीर के बाद अफसर जजाई और बासिर शाह भी जल्द ही लौट गए। अफगानिस्तान के 78 रन के स्कोर पर आधे खिलाड़ी आउट हो चुके थे। उसके बाद आए खिलाड़ी भी कुछ खास नहीं कर पाए और 35 रन के अंदर ही आखिरी 5 विकेट गिर गए। इस तरह 662 रनों के टारगेट के जवाब में 115 रन ही बना सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post