मुंबई। मुंबई में माहिम बीच पर बनी एक दरगाह को गुरुवार सुबह BMC ने हटा दिया। पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच बुलडोजर से दरगाह हटाई गई। BMC मलबे को भी ट्रकों में भरकर ले गई है। दरअसल, बुधवार को MNS नेता राज ठाकरे ने कहा था कि माहिम के पास समुद्र में अतिक्रमण करके एक मजार बनाई गई है। अगर इसे नहीं तोड़ा गया तो उसके पास बड़ा गणपति का मंदिर बनाएंगे।

कोस्टल रेगुलेशन जोन के चलते हटाई दरगाह: मंत्री

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि कोस्टल रेगुलेशन जोन (CRZ) को ध्यान में रखते हुए दरगाह को हटाने का फैसला लिया गया। कोस्टल रेगुलेशन जोन एक्ट के तहत समुद्र के अंदर किसी तरह का निर्माण नहीं किया जा सकता है। इसमें कुछ गलत नहीं है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

मंत्री दीपक केसरकर ने कहा कि हम बालासाहेब ठाकरे के विजन पर विश्वास करते हैं। पहले बालासाहेब ऐसे मुद्दों को उठाया करते थे, अब राज ठाकरे उठा रहे हैं। राज ठाकरे की वजह से हमें पता चला कि CRZ एक्ट का उल्लंघन हो रहा है, इसलिए हमने एक्शन लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दरगाह को हटाने का आदेश मुंबई के रेजिडेंट कलेक्टर ने दिया। सुबह 8 बजे कलेक्टर और डीसीपी समेत 6 अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

राज ठाकरे ने कहा था- मजार नहीं तोड़ी तो बगल में गणेश मंदिर बनेगा

राज ठाकरे ने बुधवार को शिवाजी पार्क में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुंबई में माहिम के पास समुद्र में बन रही एक दरगाह का वीडियो दिखाया। उन्होंने कहा कि कुछ सालों पहले तक यहां कुछ नहीं था। अब अनधिकृत तरीके से यहां मजार बनाई जा रही है। माहिम पुलिस स्टेशन करीब है। महानगरपालिका के कर्मचारी घूमते रहते हैं। सब सोए हुए हैं। किसी को कुछ पता नहीं। मैं इसे हटाने के लिए एक महीने का टाइम देता हूं। अगर इसे नहीं तोड़ा गया तो उसके पास बड़ा गणपति का मंदिर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि एक बार मेरे हाथ में राज्य आया तो सब कुछ सीधा कर दूंगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post