बुरहानपुर। पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथा सुनने आए लोगों के ऊपर पंडाल गिर गया। इस दौरान एलईडी भी नीचे आ गई, जिसमें कई महिलाएं दब गई। बताया जा रहा है कि यदि कथा चलने के दौरान पंडाल गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाओं समेत बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

बुरहानपुर की कृषि उपज मंडी परिसर में सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का आयोजन चल रहा है। मंगलवार को सुबह कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी। तभी अचानक पंडाल का एक हिस्सा नीचे आने लगा। यह देख वहां थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पंडाल के नीचे आने के कारण वहां लगी एक बड़ी एलइडी भी जमीन पर आ गई। इसमें 6 से अधिक श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। इसमें दो महिलाएं और एक बालक को ज्यादा चोट आने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।

बताया जाता है कि जब यह पंडाल गिरा, तब कथा नहीं चल रही थी, अन्यथा ज्यादा लोग हताहत हो सकते थे। कथा का आयोजन दोपहर 2 बजे बाद शुरू होता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना स्थान निश्चित करने के लिए काफी पहले से पंडाल में पहुंच जाते हैं। कई लोग सुबह से ही कथा सुनने का इंतजार करते हैं। इस कारण भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post