शाजापुर। जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ाबद में बीती रात दो युवकों के बीच लेन-देन की बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक और आरोपित अलग-अलग समुदाय के हैं। ऐसे में मामला गंभीर है और कानून व सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल युवक का शव जिला मुख्यालय पर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव रवाना किया जाएगा।

बेरछा अनुभाग एसडीओपी भविष्य भास्कर ने बताया कि संजय पुत्र महेश की हत्या की गई है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया है। आरोपित को भी हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के स्वजनों में नाराजगी है। उनसे भी चर्चा की जा रही है और नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्यवाही आरोपित पर की जाएगी। इधर, युवक की हत्या के मामले को लेकर गांव में लोगों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। संभावना है कि शव गांव पहुंचने पर वह आरोपित पर कार्यवाही की मांग को लेकर प्रदर्शन आदि भी करें। इसे देखते हुए भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता तैयारियां की हैं और गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

Post a Comment

Previous Post Next Post